कवर्धा

कवर्धा में पंचायत सचिव के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा, कलेक्टर से हुई शिकायत..

कवर्धा में पंचायत सचिव अशोक वर्मा के खिलाफ ग्रामीणों ने कलेक्टर में शिकायत दर्ज कराई है....

कवर्धा: कबीरधाम जिले की ग्राम पंचायत सूखाताल में पंचायत सचिव के खिलाफ लोगों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है. पंचायत सचिव अशोक वर्मा के खिलाफ पंच, सरपंच और ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन तेज कर दिया है. पंचायत सचिव को हटाने की मांग को लेकर महिला सरपंच नेहा वर्मा, पंचों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है. ग्रामीणों ने पंचायत सचिव पर लापरवाही और मनमानी के आरोप लगाए हैं. इस केस में सभी ने अशोक वर्मा के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है.

  • दफ्तर से गैर हाजिर रहने का आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत चुनाव को 15 माह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन इस दौरान सचिव अशोक वर्मा केवल 15 दिन ही पंचायत पहुंचे हैं. सचिव की लगातार गैर हाजिर रहने के कारण पंचायत के विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े हुए हैं. पंचायत से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों में अनावश्यक देरी हो रही है, जिससे ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

  • महिला सरपंच ने लोगों की दिक्कत का दिया हवाला

महिला सरपंच नेहा वर्मा ने पंचायत सचिव के गैर हाजिर रहने की वजह से लोगों को परेशानी पहुंचने की बात कही है. उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत में जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए ग्रामीणों को महीनों तक जिला मुख्यालय के चक्कर काटने पड़ रहे हैं. इसके बावजूद प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहे हैं.

पंचायत सचिव की लापरवाही के चलते शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी ग्रामीणों तक नहीं पहुंच पा रहा है. पंचायत क्षेत्र में पेयजल संकट बना हुआ है और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं- नेहा वर्मा, महिला सरपंच, ग्राम पंचायत सूखाताल

  • लोगों से भेदभाव के आरोप

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि सचिव अशोक वर्मा की मां ने ग्राम पंचायत का चुनाव लड़ा था और हार गई थीं. इसी कारण सचिव द्वारा ग्रामीणों के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार किया जा रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि निजी द्वेष के चलते सचिव पंचायत कार्यों में रुचि नहीं ले रहे हैं.

सचिव को हटाने के लिए जिला पंचायत सीईओ से पूर्व में शिकायत की जा चुकी है. इस मामले को लेकर हाईकोर्ट में भी याचिका दायर की गई है, लेकिन अब तक न्यायालय के आदेशों का पालन नहीं हुआ है- सतेंद्र वर्मा, ग्रामीण

  • कलेक्टर गोपाल वर्मा का बयान

कवर्धा के कलेक्टर गोपाल वर्मा ने इस मुद्दे को गंभीरता से लिया है. उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया है कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी. इस मामले में पंचायत सचिव अगर दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

Hari Prasad Tiwari

Hari Prasad Tiwari Editor, ujjwalanews.in

Hari Prasad Tiwari

Hari Prasad Tiwari Editor, ujjwalanews.in

Related Articles

Back to top button